शिव विधायक रविन्द्र सिंह भाटी ने विधानसभा में उठाया गड़रारोड़ सीएचसी का मुद्दा, डिजिटल एक्स-रे मशीन की खराबी से जनस्वास्थ्य पर संकट

थार न्यूज़ लाइव ,शंकर लाल रेवाड़िया/राजस्थान विधानसभा के सदन में शिव विधानसभा क्षेत्र से विधायक रविन्द्र सिंह भाटी ने गड़रारोड़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में लंबे समय से खराब पड़ी डिजिटल एक्स-रे मशीन का गंभीर मुद्दा उठाते हुए ध्यान आकर्षण प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उन्होंने इस तकनीकी अव्यवस्था को सीमावर्ती क्षेत्र के नागरिकों के स्वास्थ्य अधिकारों से जुड़ा अहम विषय बताया।विधायक भाटी ने सदन के माध्यम से सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि गड़रारोड़ सीएचसी में आधुनिक डिजिटल एक्स-रे मशीन उपलब्ध होने के बावजूद तकनीकी खराबी, समय पर मरम्मत और उचित रखरखाव के अभाव में यह मशीन लंबे समय से बंद पड़ी है। इसके चलते क्षेत्र के मरीजों की आवश्यक जांच पूरी तरह से बाधित हो रही है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने बताया कि दुर्घटनाओं में घायल मरीजों, हड्डी फ्रैक्चर, टीबी, फेफड़ों एवं अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को मजबूरन कई किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय अथवा निजी जांच केंद्रों में रेफर किया जा रहा है। सीमावर्ती और ग्रामीण क्षेत्र होने के कारण गरीब वर्ग, महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे इस समस्या से सबसे अधिक प्रभावित हैं। समय पर जांच न होने से न केवल बीमारियों की गंभीरता बढ़ रही है, बल्कि उपचार में अनावश्यक देरी और मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ रहा है। साथ ही, जिला अस्पतालों पर भी अनावश्यक दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।विधायक भाटी ने कहा कि नई डिजिटल मशीन उपलब्ध होने के बावजूद एएमसी (वार्षिक अनुरक्षण अनुबंध) व्यवस्था की कमजोरी, संबंधित कंपनी की लापरवाही और विभागीय उदासीनता के कारण आमजन को इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने इसे राज्य सरकार की सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता के विपरीत बताया।उन्होंने यह भी कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में पहले से ही स्वास्थ्य संसाधनों की भारी कमी है और ऐसी आवश्यक जांच सुविधाओं का बाधित होना जनजीवन के लिए गंभीर संकट पैदा कर रहा है। अंत में विधायक भाटी ने माननीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री से आग्रह किया कि इस अत्यंत जनहित और जनस्वास्थ्य से जुड़े विषय में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए डिजिटल एक्स-रे मशीन को शीघ्र चालू कराया जाए, ताकि क्षेत्र के नागरिकों को समय पर और प्रभावी चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।
Thar News Live
Author: Thar News Live

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Infoverse Academy