थार न्यूज़ लाइव संतोष रेवाड़िया/जोधपुर/ डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर वैद्य गोविन्द सहाय शुक्ल की प्रेरणा से संजीवनी आयुर्वेद चिकित्सालय द्वारा “मधुमेह जागरूकता” अभियान के तहत बावड़ी तहसील के बिराई ग्राम में द्वितीय दिवस पर निःशुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया।शिविर का आयोजन प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया गया, जिसमें क्षेत्र के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुल 172 रोगियों का पंजीकरण कर उनकी स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार आयुर्वेदिक उपचार एवं निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया। साथ ही चिकित्सकों द्वारा रोगियों को आहार-विहार, दिनचर्या एवं स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित महत्वपूर्ण परामर्श भी प्रदान किया गया।इस अवसर पर जन-जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न विषयों पर व्याख्यान आयोजित किए गए। डॉ. भानुप्रिया चौधरी ने मौसमी बीमारियों से बचाव एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के आयुर्वेदिक उपाय बताए। डॉ. रामेश्वर डूडी ने ऋतुचर्या के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बदलते मौसम के अनुसार दिनचर्या अपनाने की सलाह दी।वहीं डॉ. सूरज चौधरी ने मधुमेह से बचाव, संतुलित आहार एवं नियमित व्यायाम की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी। डॉ. सविता बिश्नोई ने महिलाओं के स्वास्थ्य एवं बंध्यता निवारण में आयुर्वेद की भूमिका पर महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।शिविर के दौरान पीजी स्कॉलर्स एवं नर्सिंग स्टाफ का सक्रिय सहयोग रहा, जिससे व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकीं। स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए विश्वविद्यालय एवं चिकित्सालय के प्रति आभार व्यक्त किया।यह स्वास्थ्य शिविर विश्वविद्यालय की सामाजिक जिम्मेदारी और जनस्वास्थ्य के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया। कार्यक्रम के अंत में सभी चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया
Author: Thar News Live



One Comment
राम राम