जोधपुर/तिरंगा रंग में रंगा गणगौर उत्सव: संस्कृति के संग दिखा राष्ट्रप्रेम का अद्भुत संगम

थार न्यूज़ लाइव शंकर लाल रेवाड़िया/जोधपुर/राजस्थान की सांस्कृतिक राजधानी एवं थार का प्रवेश द्वार कहे जाने वाले जोधपुर में इस बार गणगौर उत्सव खास अंदाज में मनाया गया। भदासिया मोहनगढ़ की महिलाओं ने गणगौर पूजन को तिरंगा थीम के साथ आयोजित कर न सिर्फ परंपरा का निर्वहन किया, बल्कि देशभक्ति का भी अनूठा संदेश दिया।गणगौर, जो अखंड सुहाग, सौभाग्य और दांपत्य सुख का प्रतीक माना जाता है, हर महिला के लिए विशेष महत्व रखता है। इस पावन अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सज-धजकर माँ गौरी और भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और अपने परिवार की सुख-समृद्धि एवं अखंड सौभाग्य की कामना की।इस आयोजन की खास बात रही तिरंगा थीम, जिसमें महिलाओं ने केसरिया, सफेद और हरे रंग की साड़ियों में सजकर राष्ट्रप्रेम का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया। पूरे माहौल में देशभक्ति और सांस्कृतिक गरिमा का अनूठा संगम देखने को मिला।मोहनगढ़ की दीप्ती सांखला ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य सिर्फ पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं था, बल्कि इसके माध्यम से यह संदेश देना था कि हमारा तिरंगा सदैव ऊंचा लहराता रहे और देश की एकता व अखंडता बनी रहे। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर सरहद पर तैनात भारतीय सैनिकों के लिए विशेष मंगलकामनाएं भी की गईं, जो दिन-रात देश की सुरक्षा में जुटे रहते हैं।कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक गीतों पर नृत्य कर उत्सव को और भी उल्लासमय बना दिया। पूरे आयोजन में भाईचारे, एकता और संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना स्पष्ट रूप से झलकती रही।इस अवसर पर मोहनगढ़ क्षेत्र की अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं और सभी ने मिलकर गणगौर उत्सव को यादगार बना दिया। तिरंगा थीम पर आधारित यह आयोजन न सिर्फ सांस्कृतिक परंपरा को सहेजने का प्रयास था, बल्कि नई पीढ़ी को राष्ट्रप्रेम और सामाजिक एकता का संदेश देने की दिशा में भी एक सराहनीय पहल साबित हुआ।

Thar News Live
Author: Thar News Live

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Infoverse Academy