थार न्यूज़ लाइव/शंकर लाल रेवाड़िया/राजस्थान की सांस्कृतिक राजधानी एवं थार के प्रवेश द्वार जोधपुर में अग्रवाल समाज द्वारा आयोजित पारंपरिक गौरी पूजन कार्यक्रम इन दिनों भव्यता के साथ जारी है। अग्रसेन वाटिका, पांचवीं रोड पर 4 मार्च से 21 मार्च तक चल रहे इस आयोजन में समाज की गृहणियां श्रद्धा और उल्लास के साथ माता गौरा का पूजन कर रही हैं।इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में कुंवारी एवं विवाहित महिलाएं, बहनें और बेटियां बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रही हैं। पूरे आयोजन में भक्ति, परंपरा और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।इसी श्रृंखला में आज लोटियों का विशेष आयोजन किया गया। महिला शक्ति द्वारा सुंदर सुसज्जित लोटियां सिर पर धारण कर गीता भवन से शोभायात्रा के रूप में रवाना हुई, जो पांचवीं रोड चौराहे से होते हुए अग्रसेन वाटिका पहुंची। वहां महिलाओं का स्वागत, पूजा-अर्चना और आरती के साथ भव्य अभिनंदन किया गया।कार्यक्रम के दौरान बधाई गीत, नृत्य और भक्ति सरिता की मधुर धुनों ने माहौल को आनंदमय बना दिया। आयोजन में रेखा अग्रवाल, प्रेमलता अग्रवाल, कविता सिंघल, मोनिका काला, संध्या अग्रवाल, अनिता सिंघल, कौशल्या अग्रवाल, सुनिता एवं शांति गर्ग सहित कई महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने व्यवस्थापन और आयोजन को सफल बनाया जोधपुर में इस तरह के पारंपरिक आयोजन शहर की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।
Author: Thar News Live


