
थार न्यूज़ लाइव संतोष रेवाड़िया /बाड़मेर शिव विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज हुई है। डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) योजना के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालय भवनों में 88 नए कक्षा-कक्षों के निर्माण के लिए 10 करोड़ 59 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी गई है, जिसमें 53 गांवों के विद्यालय शामिल है। इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के उपरांत शिव विधायक रविन्द्र सिंह भाटी ने समस्त विधानसभा क्षेत्रवासियों एवं शिक्षा हितधारकों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह स्वीकृति न केवल विद्यालयों में बढ़ते छात्र संख्या दबाव को कम करेगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने में भी मील का पत्थर साबित होगी।विधायक भाटी ने बताया कि लंबे समय से क्षेत्र के कई विद्यालय सीमित संसाधनों के कारण अवसंरचनात्मक चुनौतियों का सामना कर रहे थे। नए कक्षा-कक्षों के निर्माण से छात्रों को बेहतर, सुरक्षित और अनुकूल शिक्षण वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।उन्होंने DMFT योजना के अंतर्गत शिक्षा संवर्धन के लिए लगातार प्रयासरत सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय जनसमुदाय के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।क्षेत्रवासियों ने भी इस स्वीकृति को लेकर प्रसन्नता जाहिर की और इसे बच्चे-बच्चों के उज्ज्वल भविष्य से जोड़कर देखा। नए कक्षा-कक्षों का निर्माण पूरा होने के बाद शिव विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद है।यह निर्णय शिक्षा अवसंरचना को मजबूती देने और ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Author: Thar News Live








