होली के त्योहार पर मानवता की मिसाल: नरेंद्र सिंह राठौड़ ने किया 130वां रक्तदान

 थार नयुज़ लाइव शंकर लाल रेवाड़ियां जोधपुर / जहां एक ओर पूरा देश होली के रंगों में सराबोर है और लोग उत्सव के आनंद में व्यस्त हैं, वहीं बात करें राजस्थान की सांस्कृतिक और धार्मिक राजधानी जोधपुर की तो भारत सेवा संस्थान के सचिव नरेंद्र सिंह राठौड़ ने समाज सेवा और मानवता की अनूठी मिसाल पेश करते हुए आपातकालीन स्थिति में अपना 130वां रक्तदान किया। उनके इस प्रेरणादायक कार्य की क्षेत्रभर में सराहना की जा रही है।वंदे भारत सेवा संस्थान के प्रवक्ता किशन पूनिया ने जानकारी देते हुए बताया कि जोधपुर के गोयल हॉस्पिटल में भर्ती एक मरीज को अचानक ए पॉजिटिव एसडीपी (A+ SDP) रक्त की अत्यंत आवश्यकता थी। मरीज की स्थिति गंभीर होने के कारण तुरंत रक्त की व्यवस्था करना जरूरी था। जैसे ही इस आपात स्थिति की सूचना संस्थान के सचिव नरेंद्र सिंह राठौड़ को मिली, उन्होंने बिना समय गंवाए तुरंत पहल की।राठौड़ अपने साथियों किशन पूनिया और विनोद आचार्य के साथ तुरंत रोटरी ब्लड बैंक, जोधपुर पहुंचे और मरीज की जान बचाने के लिए अपना 130वां रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।इस अवसर पर नरेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि त्योहारों के समय अक्सर लोग अपने पारिवारिक और सामाजिक कार्यक्रमों में व्यस्त रहते हैं, जिसके कारण रक्तदान करने वाले नियमित रक्तदाताओं की संख्या कम हो जाती है। ऐसे समय में कई मरीजों को रक्त की कमी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि समाज का हर स्वस्थ व्यक्ति समय-समय पर रक्तदान करे तो किसी भी जरूरतमंद को रक्त की कमी से जूझना नहीं पड़ेगा।राठौड़ ने कहा कि रक्तदान महादान है और यह किसी भी व्यक्ति के जीवन को बचाने का सबसे सरल और पुण्य कार्य है। उन्होंने युवाओं और समाज के लोगों से अपील की कि वे आगे आकर नियमित रूप से रक्तदान करें और जरूरतमंदों की सहायता करें।उन्होंने यह भी बताया कि उनका लक्ष्य अपने जीवनकाल में कम से कम 200 बार रक्तदान करने का है और इसके लिए वे लगातार समाज के लोगों को भी रक्तदान के प्रति जागरूक कर रहे हैं।वंदे भारत सेवा संस्थान के कार्यकर्ताओं ने राठौड़ के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका समर्पण और सेवा भावना समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। संस्थान लगातार जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है और भविष्य में भी इस सेवा कार्य को निरंतर जारी रखेगा।इस अवसर पर संस्थान से जुड़े कई कार्यकर्ताओं ने राठौड़ के इस सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि उनका यह कदम समाज में मानवता और परोपकार की भावना को और मजबूत करता है।
Thar News Live
Author: Thar News Live

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Infoverse Academy