थार न्यूज़ लाइव/ बाड़मेर शिव/ राजस्थान के पश्चिमी छोर पर बसे शिव विधानसभा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल के तहत विधायक रविन्द्र सिंह भाटी द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘शिव रोजगार मेला’ युवाओं के लिए नई उम्मीद और अवसरों की सौगात बनकर उभरा। इस भव्य आयोजन ने न केवल रोजगार के नए द्वार खोले, बल्कि यह भी साबित कर दिया कि सशक्त नेतृत्व से बदलाव जमीन पर उतारा जा सकता है मेले में 2500 से अधिक युवाओं ने आवेदन किया, जिनमें से 1065 युवाओं ने साक्षात्कार में भाग लिया। इनमें से 827 अभ्यर्थियों का सफल वेरिफिकेशन हुआ और अंततः 750 युवाओं को विभिन्न कंपनियों द्वारा ऑफर लेटर प्रदान किए गए। यह उपलब्धि शिव क्षेत्र के लिए एक मील का पत्थर साबित हुई।इस रोजगार मेले की खास बात यह रही कि इसमें तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों वर्गों के युवाओं को समान अवसर प्रदान किए गए। ITI, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग एवं B.Tech. धारकों को तकनीकी क्षेत्रों में रोजगार मिला, वहीं BA, B.Com. जैसे सामान्य स्नातकों को प्रशासन एवं HR जैसे पदों पर नियुक्तियां दी गईं। महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही, जिसने इस आयोजन को और अधिक प्रेरणादायक बना दिया।मेले में चयनित युवाओं को आकर्षक वेतन पैकेज भी प्राप्त हुए। पहले दिन अधिकतम ₹1,90,000 प्रति माह और दूसरे दिन ₹1,20,000 प्रति माह तक के पैकेज दिए गए, जिसने यह साबित किया कि प्रतिभा किसी क्षेत्र की मोहताज नहीं होती।विधायक रविन्द्र सिंह भाटी स्वयं दोनों दिनों तक मेले में उपस्थित रहे और युवाओं से सीधा संवाद करते हुए उनका मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन किया। उनका यह प्रयास एक जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी प्रतिबद्धता और सेवा भावना को दर्शाता है।यह रोजगार मेला सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि 750 परिवारों के लिए नई उम्मीद और उज्ज्वल भविष्य की शुरुआत है।
Author: Thar News Live


