जोधपुर, 11 जुलाई। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय, जोधपुर के कुलगुरु प्रोफेसर वैद्य गोविंद सहाय शुक्ल के मार्गदर्शन में यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी की ओर से श्री शिवराम नत्थुजी टाक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पूंजला में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए निःशुल्क होम्योपैथी चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया।होम्योपैथी चिकित्सालय अधीक्षक प्रोफेसर डॉ. गौरी शर्मा एवं शिविर प्रभारी प्रोफेसर डॉ. राजेश कुमावत ने बताया कि शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. अंकिता आचार्य, डॉ. राकेश कुमार मीना तथा चतुर्थ वर्ष के छात्र मोहन लाल, कृष्ण कुमावत और इलियास खान ने चिकित्सा सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में कक्षा छह से दस तक के 102 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क होम्योपैथिक औषधियां उपलब्ध कराई गईं।शिविर के दौरान विद्यार्थियों को मौसमी बीमारियों, वायरस, बैक्टीरिया तथा मच्छर जनित संक्रमण से बचाव के उपाय बताए गए। चिकित्सकों ने स्वच्छ पानी पीने, खुले खाद्य पदार्थों से परहेज करने तथा आसपास स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी इसके अलावा जुकाम, बुखार, पेट संबंधी समस्याएं, चर्म रोग, रक्त की कमी, कब्ज, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, बाल झड़ना तथा जोड़ों के दर्द जैसी समस्याओं के लिए भी आवश्यक होम्योपैथिक दवाइयां वितरित की गईं।विद्यालय के प्राचार्य केवल चन्द सुखाड़िया सहित शिक्षक नरपत सिंह गहलोत, रामविलास जाखड़, ललित किशोर, ममता शर्मा एवं संतोष देवी ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग दिया तथा विश्वविद्यालय एवं चिकित्सकों की टीम का आभार व्यक्त किया।
Author: Thar News Live


