नशामुक्त भारत अभियान के तहत आयुर्वेद विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित

जोधपुर, 18 अगस्त 2026। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के निर्देशानुसार नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नेशनल प्लेज अगेंस्ट ड्रग एब्यूज के अवसर पर डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय, जोधपुर परिसर में राष्ट्रीय शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर वैद्य गोविंद सहाय शुक्ल के मार्गदर्शन में तथा नशामुक्त भारत अभियान की राज्य समन्वयक एवं नशामुक्ति इकाई की प्रभारी प्रोफेसर रितु कपूर के नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के बीएएमएस, एमडी, बीएचएमएस, बीएनवाईएस एवं बीएससी नर्सिंग के विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों तथा अन्य उपस्थितजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शैक्षणिक संकाय के साथ पांच सौ से अधिक विश्वविद्यालय छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

इसी क्रम में विश्वविद्यालय से संबद्ध पांच सैटेलाइट केंद्रों पर संचालित नशामुक्ति इकाइयों में भी नेशनल प्लेज अगेंस्ट ड्रग एब्यूज कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके माध्यम से नशामुक्ति का संदेश विश्वविद्यालय परिसर से बाहर विभिन्न समुदायों एवं युवाओं तक पहुंचाया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं उपस्थित प्रतिभागियों ने नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने, नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि में संलिप्त नहीं होने तथा नशे की समस्या से प्रभावित एवं जरूरतमंद व्यक्तियों की सहायता के लिए आगे आने की शपथ ली। प्रतिभागियों ने नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर कुलगुरु प्रोफेसर वैद्य गोविंद सहाय शुक्ल ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए तीन चरणों वाले दृष्टिकोण की बात रखते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को सबसे पहले स्वयं नशे से दूर रहने का संकल्प लेना चाहिए। इसके बाद इस संदेश को परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों तक पहुंचाना तथा व्यापक समाज में नशामुक्ति की भावना को मजबूत करना आवश्यक है।

उन्होंने विद्यार्थियों को केवल शपथ लेने तक सीमित नहीं रहते हुए नशे से प्रभावित एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता करने तथा उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने युवा शक्ति को नशामुक्त भारत के निर्माण की महत्वपूर्ण आधारशिला बताया।

कार्यक्रम के दौरान नशामुक्त भारत अभियान का संदेश “से नो टू ड्रग्स – यस टू लाइफ!”, अर्थात “नशे को कहें ना – जीवन को कहें हाँ!” विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमूह तक पहुंचाया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में आत्म-संकल्प, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नशामुक्त समाज के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर डीन फैकल्टी आयुर्वेद प्रोफेसर महेंद्र कुमार शर्मा, बीएससी नर्सिंग के प्राचार्य प्रोफेसर राजाराम अग्रवाल, होम्योपैथी की प्राचार्य प्रभारी गौरी शर्मा, बीएनवाईएस के प्राचार्य डॉक्टर चंद्रभान शर्मा, अस्पताल अधीक्षक डॉक्टर ए. नीलिमा रेड्डी, उप कुलसचिव डॉक्टर मनोज अदलखा तथा प्रभारी अधिकारी मीडिया डॉक्टर दिनेश चंद्र शर्मा सहित विश्वविद्यालय के अन्य संकाय सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रोफेसर रितु कपूर ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने वाले कुलगुरु, सभी संकाय सदस्यों, शिक्षकों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी के सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता के लिए धन्यवाद देते हुए नशामुक्त भारत के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संदेश रहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण की शुरुआत स्वयं से होती है और सामूहिक संकल्प ही इसे जनआंदोलन का रूप दे सकता है।

Thar News Live
Author: Thar News Live

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Infoverse Academy