जोधपुर में वार्ड 50 के बूथ संख्या 338 पर 16 सितंबर को होगा पुनर्मतदान

जोधपुर में वार्ड 50 के बूथ संख्या 338 पर 16 सितंबर को होगा पुनर्मतदान

ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान शून्य घोषित कर दिए पुनर्मतदान के निर्देश

जोधपुर, 14 सितंबर। नगर निगम जोधपुर के वार्ड संख्या 50 के बूथ संख्या 338 पर हुए मतदान को राज्य निर्वाचन आयोग ने शून्य घोषित कर दिया है। आयोग के निर्देशानुसार इस बूथ पर 16 सितंबर 2026 को पुनर्मतदान कराया जाएगा।
पुनर्मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। इसके बाद 17 सितंबर को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयोग ने यह निर्णय मतगणना के दौरान ईवीएम में आई तकनीकी खराबी के कारण परिणाम जारी नहीं हो पाने संबंधी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी की रिपोर्ट तथा उपलब्ध तथ्यों एवं परिस्थितियों के परीक्षण के बाद लिया है। आयोग के अनुसार तकनीकी खराबी के कारण अप्रदर्शित मत निकटतम प्रतिद्वंद्वी के मतों के अंतर से अधिक हैं।
राजस्थान नगरपालिका (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 55 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए आयोग ने बूथ संख्या 338 का मतदान शून्य घोषित कर पुनर्मतदान के निर्देश दिए हैं।
केवल अधिकृत मतदाता ही कर सकेंगे मतदान
पुनर्मतदान में केवल वही मतदाता मतदान कर सकेंगे, जो संबंधित मतदान केन्द्र के लिए मूल मतदान में अधिकृत थे। मूल मतदान के दौरान मतदाता की उंगली पर लगाए गए अमिट स्याही के निशान की पुनर्मतदान में उपेक्षा की जाएगी।
पुनर्मतदान के दौरान मतदाता के बाएं हाथ की मध्यमा अंगुली पर अमिट स्याही का निशान लगाया जाएगा।
पुनर्मतदान को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश
राज्य निर्वाचन आयोग ने पुनर्मतदान की तिथि, समय और स्थान की सूचना संबंधित अभ्यर्थियों अथवा उनके निर्वाचक अभिकर्ताओं को लिखित रूप से देने के निर्देश दिए हैं। क्षेत्र में भी पुनर्मतदान को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
पुनर्मतदान संबंधी सूचना कार्यालय, संबंधित नगरपालिका, मतदान केन्द्र के नोटिस बोर्ड तथा निर्वाचन क्षेत्र के अन्य प्रमुख एवं सहजदृश्य स्थानों पर प्रदर्शित की जाएगी।
आयोग के निर्देशानुसार मूल मतदान में प्रयुक्त ईवीएम को सील कर सुरक्षित अभिरक्षा में रखा जाएगा। पुनर्मतदान के दौरान राजस्थान नगरपालिका (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 55 के उपनियम (5) के प्रावधानों के अनुसार मूल मतदान में लागू सभी व्यवस्थाएं यथावत लागू रहेंगी।
अब वार्ड 50 के बूथ संख्या 338 पर 16 सितंबर को पुनर्मतदान और 17 सितंबर को मतगणना होगी।

Thar News Live
Author: Thar News Live

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Infoverse Academy