स्वदेशी से स्वावलम्बन और स्वावलम्बन से समृद्ध भारत पर प्रान्त स्तरीय कार्यशाला आयोजित

थार न्यूज़ लाइव शंकर लाल रेवाड़िया जोधपुर /स्वदेशी एवं स्वावलम्बी भारत अभियान, जोधपुर प्रान्त की ओर से स्वदेशी मेला–2026 के केन्द्रीय पण्डाल में “स्वदेशी से स्वावलम्बन एवं स्वावलम्बन से समृद्ध भारत” विषय पर प्रान्त स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता स्वदेशी एवं स्वावलम्बी भारत अभियान, राजस्थान के क्षेत्र समन्वयक अनिल वर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वतंत्रता के पश्चात सरकारों द्वारा अपनाई गई नीतियों के कारण स्थानीय उत्पाद उपेक्षित होते चले गए, जिसका लाभ विदेशी कंपनियों ने उठाया और भारतीय बाजारों पर अपना वर्चस्व स्थापित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सरकार की नीतियों में सकारात्मक बदलाव आया है और स्वदेशी को पुनः प्रोत्साहन दिया जा रहा है।उन्होंने बताया कि स्वदेशी जागरण मंच द्वारा वर्ष 1991 से ही निरंतर यह प्रयास किया जा रहा है कि स्वदेशी उत्पादों को न केवल भारत में बल्कि वैश्विक स्तर पर भी अपनाया जाए। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जो भारत कभी रोजगार देने वाला देश था, वह आज बेरोजगारी की चुनौती से जूझ रहा है। ऐसे में स्थानीय उत्पादों और उद्यमों को सशक्त बनाकर ही भारत को पुनः समृद्ध राष्ट्र बनाया जा सकता है।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, राजस्थान के क्षेत्र संपर्क श्याम मनोहर ने अपने संबोधन में कहा कि स्वदेश, स्वराष्ट्र और स्वदेशी भारत की मूल पहचान रहे हैं, जो समय के साथ कहीं धूमिल हो गई थी। अब आवश्यकता है कि इन मूल्यों को पुनः प्रतिष्ठित किया जाए।स्वदेशी मेले के प्रान्त संयोजक कमलेश गहलोत ने बताया कि स्वदेशी मेले का मुख्य उद्देश्य स्थानीय उत्पादकों और कारीगरों के उत्पादों को सीधे उपभोक्ताओं तक पहुँचाना है तथा ऑनलाइन व्यापार के कारण खुदरा व्यापारियों को हो रहे नुकसान की भरपाई करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे मेलों से व्यापारी और उपभोक्ता—दोनों को सीधा लाभ मिलता है।कार्यक्रम में स्वावलम्बी भारत अभियान एवं स्वर्णिम भारत फाउंडेशन, दिल्ली कार्यालय के प्रमुख हिमांशु जोशी तथा स्वदेशी शोध संस्थान, नई दिल्ली के संगठक अंकित शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।अभियान के प्रान्त समन्वयक रमेश बिश्नोई ने बताया कि कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, सेवा भारती, भारतीय किसान संघ, विश्व हिन्दू परिषद, जोहो कॉरपोरेशन, भारतीय मजदूर संघ, भारत विकास परिषद, अमूल को-ऑपरेटिव, सहकार भारती, अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, विवेकानन्द केन्द्र सहित अन्य सहयोगी संगठनों द्वारा स्वावलम्बन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया गया।इस अवसर पर क्षेत्र स्वावलम्बन केन्द्र, जोधपुर द्वारा संचालित विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।इस अवसर पर भारत विकास परिषद, जोधपुर मुख्य शाखा की अर्चना बिड़ला, सचिव राजेन्द्र मंत्री, संस्था अध्यक्ष सुरेश चन्द्र भूतड़ा, कार्यकारिणी सदस्य झूमर लाल राठी (सीए), मंजू सारस्वत, स्वाती शर्मा, मोना हरवानी, हिमांशु, दिनेश चौधरी, मुकेश शर्मा, तरुण बोहरा, लघु उद्योग भारती से थानाराम चौधरी, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत से धर्मेन्द्र सोनी, गायत्री परिवार से जसवीर सहित विभिन्न संगठनों के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Thar News Live
Author: Thar News Live

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Infoverse Academy