- जोधपुर, 11 जुलाई। जिला कलक्टर अलोक रंजन की अध्यक्षता में शनिवार को जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए जोधपुर जिले की आवासीय, वाणिज्यिक एवं कृषि भूमि की डीएलसी दरों के पुनरीक्षण पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों के सुझावों को शामिल करते हुए प्रस्तावित दरों का सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया।
बैठक में लुणी विधायक जोगाराम पटेल, बिलाड़ा विधायक अर्जुनलाल, ओसियां विधायक भैराराम सियोल तथा लुणी प्रधान वाटिका राजपुरोहित उपस्थित रहे। समिति के समक्ष उप पंजीयकों द्वारा प्रस्तावित दरें प्रस्तुत की गईं, जिन पर वर्तमान डीएलसी दरों और प्रचलित बाजार दरों के आधार पर विचार-विमर्श किया गया।बैठक में डीएलसी प्रावधानों के कुछ तकनीकी बिंदुओं को पुनः समीक्षा के लिए राज्य सरकार को भेजने का भी निर्णय लिया गया।इस अवसर पर जोधपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त उत्साह चौधरी, नगर निगम आयुक्त राहुल जैन, अतिरिक्त जिला कलक्टर सुरेन्द्र सिंह पुरोहित, उप महानिरीक्षक (स्टाम्प) भागीरथ चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Thar News Live


