गौशाला पहुंचा सारथी परिवार, गौ सेवा के जरिए दिया मानवता और संवेदना का संदेश

गौशाला पहुंचा सारथी परिवार, गौ सेवा के जरिए दिया मानवता और संवेदना का संदेश

रविवार सेवा दिवस’ के तहत चांदपोल स्थित राधारानी गौशाला में किया सेवा कार्य

जोधपुर। सेवा को संस्कार और समाज के प्रति जिम्मेदारी मानते हुए सारथी यूथ फाउंडेशन परिवार की ओर से रविवार को ‘रविवार सेवा दिवस’ के तहत चांदपोल स्थित राधारानी गौशाला में गौ सेवा की गई। इस दौरान फाउंडेशन के सदस्यों ने गौ माता को हरा चारा खिलाकर सेवा की और समाज में संवेदना एवं परोपकार की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष देवेन्द्र गहलोत ने कहा कि गौ सेवा हमारी संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने बताया कि सेवा का उद्देश्य केवल एक दिन किसी जरूरतमंद की मदद करना नहीं, बल्कि समाज में सेवा की भावना को निरंतर मजबूत करना है। इसी उद्देश्य से सारथी यूथ फाउंडेशन की ओर से ‘रविवार सेवा दिवस’ के माध्यम से प्रत्येक रविवार अलग-अलग स्थानों पर सेवा कार्य किए जा रहे हैं।
गहलोत ने बताया कि फाउंडेशन का प्रयास है कि सेवा के इन कार्यों से अधिक से अधिक लोग जुड़ें और समाज में सहयोग, संवेदना एवं मानवता की भावना को मजबूत किया जा सके।
फाउंडेशन की जिलाध्यक्ष पूजा सुराणा ने बताया कि सारथी यूथ फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से विभिन्न सेवा कार्यों में सक्रिय है। गौ सेवा के साथ पक्षी सेवा, वृद्धजन सेवा, संत सेवा, वानर सेवा, अनाथ एवं दिव्यांग बच्चों की सहायता, भोजन वितरण, जल सेवा और वस्त्रदान सहित अनेक सेवा कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि फाउंडेशन की ओर से सरकारी अस्पतालों में व्हीलचेयर एवं स्ट्रेचर उपलब्ध कराने जैसे सेवा कार्य भी किए जाते हैं। उनके अनुसार हर माह नियमित रूप से 5 से 7 सेवा कार्य किए जाते हैं।
पूजा सुराणा ने आमजन से अपील की कि सेवा के इस अभियान को केवल फाउंडेशन तक सीमित न रखते हुए अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ें और अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग देकर समाजहित के इस अभियान को मजबूती प्रदान करें।
इस अवसर पर फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष देवेन्द्र गहलोत, जिलाध्यक्ष पूजा सुराणा, विजयलक्ष्मी हर्ष, सुनीता सोलंकी, सुरेन्द्र सिंह तोमर, राधिका कानुंगा, महेन्द्र सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Thar News Live
Author: Thar News Live

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Infoverse Academy